तिरुपति मंदिर से डॉलर की चोरी का चौंकाने वाला सच! अंडरवियर में छिपाकर ले जाते पकड़ा गया कर्मचारी, 100 करोड़ की प्रॉपर्टी का रहस्य खुला
तिरुपति, आंध्र प्रदेश: भगवान वेंकटेश्वर के प्रसिद्ध तिरुमाला मंदिर में चढ़ाए गए भक्तों के पैसे की चोरी का पुराना मामला फिर से सुर्खियों में आ गया है। 2023 की यह घटना तब हुई, जब मंदिर के परकामनी (पैसे गिनने के सेंटर) से कर्मचारी सी. रवि कुमार को चोरी करते हुए पकड़ा गया।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा कि रवि कुमार नोटों की गड्डियां अपने अंडरवियर में छिपाकर ले जा रहा था। शुरुआती एफआईआर में सिर्फ 900 डॉलर की चोरी दर्ज की गई थी, लेकिन बाद में खुलासा हुआ कि कुल चोरी 11,300 डॉलर की थी। जांच में यह भी पता चला कि उसने पहले भी कई बार विदेशी नोट चुराए, जिससे करीब 100 करोड़ रुपये की संपत्ति बनाई, जिसमें तिरुपति और चेन्नई में प्रॉपर्टी शामिल है।
मामला कोर्ट तक भी गया। पहले लोक अदालत ने समझौते के जरिए इसे बंद कर दिया था, लेकिन हाईकोर्ट ने सितंबर 2025 में आदेश दिया कि सीआईडी सभी रिकॉर्ड जब्त करे और पूरी जांच करे। जस्टिस गन्नमनेनी रामकृष्ण प्रसाद ने पुलिस और डीजीपी को फटकारते हुए कहा कि मामले को ठंडे बस्ते में डालना स्वीकार्य नहीं है।
राजनीति में भी मामला गरमा गया। भाजपा के नेताओं ने पूर्व वाईएसआरसीपी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस चोरी को दबा दिया गया था, जबकि वाईएसआरसीपी ने इसे राजनीतिक साजिश बताया।
भक्तों में भी गुस्सा है कि मंदिर के चढ़ावे का पैसा कैसे चोरी हो रहा था। अब सीआईडी इस मामले की पूरी गहन जांच कर रही है, और अगले दौर की सुनवाई 13 अक्टूबर को होनी है।
