खांसी के बहाने ज़हर!” राजिम में नकली कफ सिरप कांड — मेडिकल स्टोर सील, संचालक पर बड़ी कार्रवाई तय!
लैब रिपोर्ट में हुआ सनसनीखेज खुलासा — एक्सपायरी दवाओं पर री-टैगिंग, नशीली गोलियां और घटिया सिरप बेच रहा था संचालक!
राजिम। छत्तीसगढ़ के राजिम से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के कुलेश्वर मेडिकल स्टोर में मरीजों को नकली कफ सिरप बेचने का खुलासा हुआ है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच के बाद “Besto Cuf” नामक कफ सिरप को नकली घोषित किया और मेडिकल को तत्काल सील कर दिया है।
ड्रग इंस्पेक्टर धर्मवीर ध्रुव ने बताया कि जब्त किए गए सिरप की लैब रिपोर्ट 11 अक्टूबर को आई, जिसमें पाया गया कि सिरप में बताए गए रासायनिक तत्व और मात्रा मानक से बेहद कम थे। यानी यह सिरप पूरी तरह अमानक और नकली था।
विभाग को पहले से ही सूचना मिली थी कि मेडिकल संचालक सीताराम साहू एक्सपायरी दवाओं पर री-टैगिंग कर दोबारा बेचता है। इसी आधार पर 21 जुलाई को ड्रग इंस्पेक्टरों की जंबो टीम ने छापा मारा। जांच के दौरान नशीली गोलियां और भारी अनियमितताएं सामने आईं।
इसके बाद विभाग ने तत्काल मेडिकल का लाइसेंस रद्द कर दिया था।
अब नकली सिरप की रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन संचालक के खिलाफ कोर्ट में परिवाद दाखिल करने की तैयारी कर रहा है। बताया जा रहा है कि सीताराम साहू पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
⚠️ राजिम में इस नकली दवा कांड के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। विभाग ने अन्य मेडिकल स्टोर्स की भी जांच शुरू कर दी है ताकि कोई और “ज़हरीली दवा” लोगों की ज़िंदगी से खिलवाड़ न कर सके।
