दोस्ती के नाम पर मौत!” रायपुर में खून से सनी साजिश का पर्दाफाश — जिंदल फैक्ट्री के पास मिली जली हुई लाश का रहस्य खुला!

दोस्ती के नाम पर मौत!” रायपुर में खून से सनी साजिश का पर्दाफाश — जिंदल फैक्ट्री के पास मिली जली हुई लाश का रहस्य खुला!

आपसी विवाद बना हत्या की वजह, 2 आरोपी गिरफ्तार — तीसरा फरार, मंदिर हसौद पुलिस की सटीक जांच से खुला राज

रायपुर। राजधानी रायपुर में आपसी विवाद के चलते एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में जिंदल फैक्ट्री के पीछे गिट्टी खदान के पास मिली जली हुई लाश के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है।
मुख्य आरोपी तरूण शुक्ला (19) और उसके साथी सुभाष शर्मा (20) को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक सिद्धार्थ भतपहरी 5 अक्टूबर को अपने घर से नहाने के लिए निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद 8 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि जिंदल फैक्ट्री के पीछे एक शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव बुरी तरह जला हुआ था और सिर व गले पर गहरे चोट के निशान थे।

प्राथमिक जांच में साफ हुआ कि हत्या कर शव को जलाया गया ताकि पहचान छिपाई जा सके। पुलिस ने बी.एन.एस. की धारा 103 और 238(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

एण्टी क्राइम और साइबर यूनिट की मदद से जब पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया, तब घटनाक्रम की सच्चाई सामने आई। पूछताछ में आरोपी तरूण शुक्ला ने कबूल किया कि उसने अपने साथियों सुभाष शर्मा और ओमप्रकाश मिश्रा के साथ मिलकर सिद्धार्थ की हत्या की।
हत्या की वजह निकली आपसी रंजिश और पुराना विवाद। घटना के बाद तीनों ने मिलकर सबूत मिटाने के लिए शव को आग लगा दी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
सीएसपी की टीम का कहना है कि आरोपी पर और भी धाराएं जोड़ी जा सकती हैं क्योंकि हत्या के बाद शव को जलाने की कोशिश एक योजनाबद्ध अपराध का संकेत है।

🔺 हत्या और जलाए गए शव की यह वारदात रायपुर में चर्चा का विषय बन गई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी जल्द गिरफ्तार होगा और पूरी साजिश का खुलासा किया जाएगा।