अंबिकापुर: एंबुलेंस की लापरवाही में तड़पते हुए युवक की मौत, परिजन ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सामने किया चक्काजाम

अंबिकापुर: सड़क हादसे में घायल गुड्डू कोरवा की मौत समय पर एंबुलेंस न मिलने के कारण हो गई। बलरामपुर जिले के ग्राम ककना के मदेश्वरपुर निवासी 34 वर्षीय गुड्डू कोरवा 4 अक्टूबर को ग्राम घटगांव से लौटते समय बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटें आई थीं।

घायल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर रेफर किया। लेकिन अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के कारण 20 घंटे बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची, और समय पर इलाज न मिलने के कारण युवक की मृत्यु हो गई।

गुड्डू के परिजन ने इस लापरवाही के खिलाफ मेडिकल कॉलेज अस्पताल पुलिस चौकी के सामने शव रखकर चक्काजाम कर दिया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग की।

कांग्रेस ने मृतक परिवार का समर्थन करते हुए अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल उठाए। इस घटना ने स्वास्थ्य सेवाओं की समयबद्धता और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।