स्मार्ट सिटी में ट्रैफिक सिग्नल महीनों से बंद, जिम्मेदार अधिकारी बेखबर.

बिलासपुर। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर में करोड़ों रुपयों के विकास कार्य किए जा रहे हैं, लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। नेहरू नगर से नर्मदा नगर को जोड़ने वाली स्मार्ट सिटी रोड पर लगाया गया ट्रैफिक सिग्नल कई महीनों से बंद पड़ा है।

ट्रैफिक पुलिस की उदासीनता का आलम यह है कि इस स्थिति से उनके उच्च अधिकारी तक अनजान हैं। हैरानी की बात यह है कि उसी सड़क पर कुछ कदम की दूरी पर एक और ट्रैफिक सिग्नल लगाने के लिए खंभा तो लगाया गया, लेकिन उस पर सिग्नल आज तक नहीं लगाया गया है।

इस चौराहे पर चारों ओर से वाहनों का भारी दबाव रहता है, जिससे हर दिन दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। न तो ट्रैफिक सिग्नल चालू किया गया है और न ही वहां ट्रैफिक पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ट्रैफिक सिग्नल को तत्काल शुरू किया जाए। साथ ही, वहां स्टॉपर लगाकर अस्थाई चौक बनाया जाए और दोनों सिग्नल पॉइंट्स पर ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती की जाए, ताकि यातायात सुचारु रूप से संचालित हो और आम लोगों को परेशानी न हो।