नवरात्रि की रात दुर्गा पंडाल में सनसनी: युवक ने दोस्त का गला रेतकर की हत्या

नवरात्रि की रात दुर्गा पंडाल में सनसनी: युवक ने दोस्त का गला रेतकर की हत्या

सरकंडा थाना क्षेत्र की वारदात, आरोपी मानसिक रोगी निकला, पुलिस ने किया गिरफ्तार

बिलासपुर। नवरात्रि पर्व की सप्तमी की रात दुर्गा पंडाल के पास खून से सनसनी फैल गई। यहां एक युवक ने अपने ही दोस्त का धारदार हथियार से गला काटकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

ऐसे हुआ हत्याकांड

सोमवार रात करीब 10.30 बजे मोपका स्थित दुर्गा पंडाल के पीछे दिनेश कुमार सूर्यवंशी (35) बैठा था। तभी कमलेश सूर्यवंशी (25) वहां पहुंचा। दोनों एक ही मोहल्ले में रहते थे और अक्सर साथ दिखते थे। बताया जाता है कि दिनेश, कमलेश को लगातार परेशान करता था। इस बीच दोनों के बीच बहस हुई और कमलेश ने अचानक धारदार हथियार से दिनेश के गले पर हमला कर दिया।

खून से लथपथ होकर गिरा युवक

हमले के बाद दिनेश खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन और स्थानीय लोग उसे तुरंत सिम्स अस्पताल ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

आरोपी गिरफ्तार, निकला मानसिक रोगी

सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी कमलेश को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि वह मानसिक रोगी है और उसका इलाज सेंदरी स्थित मेंटल हॉस्पिटल में चल रहा था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि दिनेश की हरकतों से वह काफी परेशान था और कई बार मना करने के बावजूद दिनेश उसे तंग करता रहा। तंग आकर उसने यह कदम उठाया।