प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत: विवाहिता की आत्महत्या, पति-सास-ससुर समेत चार गिरफ्तार
चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का मामला, प्रताड़ना और मारपीट से तंग आकर अमीषा ने तोड़ा दम
रायगढ़। रायगढ़ जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। प्रेम विवाह करने वाली अमीषा सिंह को ससुराल पक्ष की प्रताड़ना और पति की मारपीट ने इतना तोड़ दिया कि उसने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मामले में सख्ती दिखाते हुए पति, सास, ससुर और चाचा ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कैसे बिगड़ी वैवाहिक जिंदगी
अमीषा ने नवंबर 2022 में गजानंद सिंह राजपूत से प्रेम विवाह किया था। शुरुआती छह महीने सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन धीरे-धीरे ससुराल वालों का विरोध और पति की शराबखोरी ने उसके जीवन को नर्क बना दिया। अमीषा ने कई बार मायकेवालों को बताया कि पति रोजाना मारपीट करता है और घरवाले लगातार ताने देते हैं।
मौत से पहले की कहानी
30 अगस्त को अमीषा ने प्रताड़ना से तंग आकर अपने घर में फांसी लगा ली। परिजन तुरंत उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रायगढ़ ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर रायपुर रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही सारंगढ़ के पास उसकी मौत हो गई और डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जांच में खुला राज़
पुलिस की मर्ग जांच में मायकेवालों और पड़ोसियों के बयान से साफ हुआ कि अमीषा को पति गजानंद, सास जानकी बाई, ससुर संतोष कुमार राजपूत और चाचा ससुर शंकर राजपूत लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। इसी वजह से उसने आत्महत्या का कदम उठाया।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
30 सितंबर को पुलिस ने मामला दर्ज कर धारा 108, 3(5) बीएनएस के तहत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने आरोपियों को जेल भेज दिया। इस कार्रवाई में एसपी दिव्यांग पटेल और सीएसपी मयंक मिश्रा के निर्देशन में टीम ने त्वरित काम किया।
