बीरेन्द्र श्रीवास्तव की कलम से
मानव जीवन की यात्रा का आरंभ ही संवेदनाओं से हुआ है। पालने में बच्चे की मासूम मुस्कान, मां की गोद में खेलते हुए उसकी खिलखिलाहट या संगीत की सुरमयी धुनें—ये सभी संवेदनाएं हमें बार-बार यह अहसास कराती हैं कि कला और साहित्य ही इंसान को जीवित और मानवीय बनाए रखते हैं। जब यही भावनाएं शब्दों में ढलती हैं तो साहित्य जन्म लेता है और जब सुरों में बहती हैं तो संगीत कला का रूप धारण कर लेती हैं।
साहित्य एवं कला महोत्सव सिर्फ आयोजन नहीं, बल्कि समाज में मानवीय संवेदनाओं को जीवित रखने का एक महाप्रयास हैं। यही वजह है कि ऐसे आयोजनों का महत्व समय की सीमाओं से कहीं आगे जाकर हमारे दिलों में संस्कृति, आपसी सद्भाव और देशप्रेम की गहरी जड़ें जमाता है। इसी श्रृंखला में छत्तीसगढ़ का “कोरिया साहित्य महोत्सव” (कोसम) साहित्यकारों और कलाकारों को एक राष्ट्रीय मंच प्रदान कर रहा है। बैकुंठपुर नगर में होने वाला यह आयोजन अब अपने तीसरे वर्ष में प्रवेश कर चुका है।
भारत के अलग-अलग कोनों में जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल, उन्मेष अंतरराष्ट्रीय साहित्य महोत्सव, केरल साहित्य उत्सव, कोलकाता टाटा लिटरेचर लाइफ और हैदराबाद साहित्य महोत्सव जैसे कई बड़े आयोजन पहले से ही विश्व स्तर पर पहचान बना चुके हैं। इन्हीं आयोजनों की कड़ी में कोरिया साहित्य महोत्सव भी धीरे-धीरे अपनी जगह बना रहा है।
छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपरा में रायगढ़ का चक्रधर समारोह, बस्तर लोक महोत्सव और आखर छत्तीसगढ़ जैसे कार्यक्रम पहले से ही राष्ट्रीय पहचान रखते हैं। मगर राज्यस्तरीय साहित्य और कला को राष्ट्रीय मंच देने की दिशा में कोसम ने जो कदम बढ़ाया है, वह प्रशंसनीय है।

इस बार के आयोजन में देशभर के ख्यातनाम साहित्यकारों और कलाकारों के साथ-साथ अंचल की प्रतिभाएं भी शामिल होंगी। यहां नृत्य, गायन, वादन, नाटक, कवि सम्मेलन और साहित्यिक परिचर्चा के साथ प्रशासनिक अधिकारियों और पत्रकारों को भी मंच मिलेगा। यही नहीं, साहित्य सेवा, विद्वत सम्मान और नए रचनाकारों को आरोही सम्मान जैसे पुरस्कार देकर प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर भी दिया जा रहा है।
कोसम 2025 सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि संवेदनाओं को बचाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को साहित्य और कला के महत्त्व से जोड़ने का आंदोलन है। यह आयोजन आने वाले समय में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक नक्शे पर भी एक मजबूत पहचान दिला सकता है।
