रायपुर। राजधानी रायपुर में मंगलवार को एक ऐसा हादसा हुआ जिसने लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए। नागपुर से रायपुर आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस (20826) तेज रफ्तार से सरक रही थी कि अचानक कोटा रेलवे फाटक के पास पटरी पर एक गाय आ धमकी। अगली ही पल जोरदार धमाका हुआ और ट्रेन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर इतनी भयानक थी कि दूर तक धमाके जैसी आवाज गूंजी और आसपास मौजूद लोग सहम उठे। गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रेन का इंजन और अगला पैनल उखड़ गया। रेलवे प्रशासन ने ट्रेन को तुरंत यार्ड भेज दिया और तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
लोगों में बढ़ी दहशत
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस इलाके में मवेशियों का ट्रैक पर भटकना आम बात है। अक्सर ट्रेन चालकों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है, लेकिन अगर वंदे भारत जैसी हाई स्पीड ट्रेनें ऐसे हादसों में उलझीं तो नतीजे और भी खतरनाक हो सकते हैं।
रेलवे और पुलिस की सख्त अपील
हादसे के बाद रेलवे प्रशासन और पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि अपने मवेशियों को लापरवाही से रेलवे ट्रैक के पास न छोड़ें। पुलिस ने साफ कहा है कि ऐसा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। हादसे के कारण कुछ देर यातायात बाधित हुआ, लेकिन समय रहते स्थिति सामान्य कर दी गई।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में रेलवे ट्रैक पर मवेशियों की मौत और हादसों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अगर जल्द ही इस पर रोक नहीं लगी, तो अगला हादसा और भी डरावना और जानलेवा हो सकता है।
