लोकसभा की तस्वीर बदलने की तैयारी! मोदी कैबिनेट ने परिसीमन और महिला आरक्षण बिल को दी मंजूरी, 50 प्रतिशत तक बढ़ सकती हैं सीटें, संसद में सियासी संग्राम के आसार

नई दिल्ली। देश की राजनीति में एक बड़े बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। केंद्र सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी है। मोदी कैबिनेट के इस फैसले के बाद संसद से लेकर राजनीतिक गलियारों तक हलचल तेज हो गई है। प्रस्ताव के मुताबिक लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की जा सकती है। वहीं राज्यों के बीच सीटों के बंटवारे की मौजूदा व्यवस्था को अगले 25 वर्षों यानी 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव भी सामने आया है।

इस फैसले को देश की संसदीय व्यवस्था में बड़े बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि, परिसीमन को लेकर राजनीतिक दलों के बीच मतभेद भी खुलकर सामने आने लगे हैं। कोई इसे बढ़ती आबादी के हिसाब से जरूरी बता रहा है, तो कोई इसके जरिए राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व में असंतुलन पैदा होने की आशंका जता रहा है।

लोकसभा में 50 प्रतिशत तक बढ़ सकती हैं सीटें

कैबिनेट की मंजूरी के बाद सबसे ज्यादा चर्चा लोकसभा की सीटों में प्रस्तावित बढ़ोतरी को लेकर हो रही है। यदि प्रस्ताव को संसद की मंजूरी मिलती है तो लोकसभा में सांसदों की संख्या मौजूदा व्यवस्था के मुकाबले 50 प्रतिशत तक बढ़ सकती है।

सरकार की योजना के तहत राज्यों के बीच सीटों के बंटवारे को 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव भी शामिल है। इससे परिसीमन और महिला आरक्षण को लागू करने की प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है।

परिसीमन के समर्थन में आए आरजेडी सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव

परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी खेमे में भी अलग-अलग राय सामने आ रही है। बिहार के जहानाबाद से आरजेडी सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने परिसीमन का समर्थन किया है।

उन्होंने कहा कि देश की आबादी लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही विकास कार्यों और क्षेत्रफल के लिहाज से सरकार की जिम्मेदारियां भी बढ़ रही हैं। ऐसे में बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए परिसीमन होना जरूरी है।

सांसद के मुताबिक परिसीमन से जनता और जनप्रतिनिधि दोनों को फायदा हो सकता है। इससे विकास कार्यों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

आप ने किया विरोध, संजय सिंह बोले- यह बीजेपी जिताओ बिल

दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। आप सांसद संजय सिंह ने डीएमके से अपील की है कि वह इस विधेयक का समर्थन न करे।

संजय सिंह ने कहा कि अगर डीएमके इस बिल का समर्थन करती है तो यह ऐतिहासिक गलती होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन के बाद बीजेपी को हराना बेहद मुश्किल हो सकता है। उन्होंने इस विधेयक को परिसीमन बिल के बजाय बीजेपी जिताओ बिल करार दिया।

संजय सिंह का दावा है कि उत्तर प्रदेश जैसे बीजेपी के प्रभाव वाले राज्यों की तुलना में दक्षिण भारतीय राज्यों का राजनीतिक प्रभाव कम हो सकता है। इस मुद्दे पर दक्षिण और उत्तर भारत के राज्यों के प्रतिनिधित्व को लेकर बहस तेज होने के आसार हैं।

विशेष सत्र से पहले बीजेपी सांसदों को जारी होगा तीन लाइन का व्हिप

परिसीमन विधेयक को लेकर संसद में होने वाली चर्चा के बीच बीजेपी ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी जल्द ही लोकसभा सांसदों के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी कर सकती है।

इसके तहत बीजेपी सांसदों को 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए जाएंगे। इससे साफ है कि विशेष सत्र के दौरान सरकार के महत्वपूर्ण विधायी कामकाज को लेकर पार्टी अपने सांसदों की मौजूदगी सुनिश्चित करना चाहती है।

किरेन रिजिजू की सांसदों से अपील, सदन में हो सार्थक चर्चा

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विशेष सत्र से पहले सभी राजनीतिक दलों के नेताओं और सांसदों से सदन की कार्यवाही को गंभीरता से लेने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सांसद सरकार के फैसलों से सहमत भी हो सकते हैं और उनका विरोध भी कर सकते हैं, लेकिन संसद की कार्यवाही प्रभावी ढंग से चलना जरूरी है। देश की जनता देख रही है कि संसद में जनप्रतिनिधि किस तरह अपनी बात रखते हैं।

रिजिजू ने कहा कि गैर-जरूरी बयानबाजी से बचते हुए राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर सदन के भीतर सार्थक चर्चा होनी चाहिए। सरकार की ओर से पेश किए जाने वाले विधेयकों पर विस्तार से बहस होनी चाहिए। किसी प्रस्ताव से सहमत होना या असहमत होना अलग विषय है, लेकिन उस पर चर्चा करना हर सांसद की जिम्मेदारी है।

उन्होंने संकेत दिया कि सरकार 2 और 3 दिसंबर के आसपास एक महत्वपूर्ण विधेयक पेश कर सकती है। हालांकि, उन्होंने विधेयक से जुड़ी विस्तृत जानकारी बाद में देने की बात कही।

शिवसेना ने भी अपने सांसदों को जारी किया व्हिप

विशेष सत्र को लेकर शिवसेना ने भी अपने सभी सांसदों के लिए व्हिप जारी कर दिया है। संसद में परिसीमन विधेयक पर चर्चा और इसे पेश किए जाने की संभावनाओं को देखते हुए पार्टी ने अपने सांसदों को सदन में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं।

संसद में क्यों अहम होने जा रहा है यह विशेष सत्र?

परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों के कारण संसद का आगामी सत्र राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक तरफ लोकसभा की सीटों में संभावित बढ़ोतरी और महिला आरक्षण को लेकर सरकार की तैयारी है, तो दूसरी तरफ राज्यों के प्रतिनिधित्व और राजनीतिक संतुलन को लेकर विपक्षी दल सवाल उठा रहे हैं।

अब सबकी नजर संसद की कार्यवाही पर टिकी है। सवाल यह है कि परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर सभी राजनीतिक दलों के बीच सहमति बन पाएगी या सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार टकराव देखने को मिलेगा। आने वाले दिनों में संसद की चर्चा देश की राजनीतिक दिशा के लिहाज से बेहद अहम हो सकती है।

You missed