रायगढ़। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक विजयदशमी पर्व पर रायगढ़ पुलिस लाइन में पारंपरिक और वैदिक विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह की उपस्थिति में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने अस्त्र-शस्त्रों तथा वाहनों की पूजा-अर्चना कर परंपरा का निर्वहन किया। पूजन के बाद विजयदशमी की परंपरा के अनुसार हर्ष फायरिंग भी की गई।
शस्त्र पूजन कार्यक्रम में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एडिशनल एसपी ट्रैफिक पुष्पेंद्र सिंह बघेल सहित जिले के कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। पर्व के अवसर पर पुलिस लाइन में धार्मिक परंपराओं के साथ कर्तव्यनिष्ठा और नागरिकों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश भी दिया गया।
अस्त्र-शस्त्रों की सफाई के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन
शस्त्र पूजन से पहले पुलिस के सभी अस्त्र-शस्त्रों और वाहनों की विधिवत साफ-सफाई की गई। इसके बाद उन्हें सुसज्जित तरीके से पूजा स्थल पर रखा गया। मां भगवती की आराधना और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अस्त्र-शस्त्रों एवं वाहनों का पूजन किया गया। पारंपरिक रीति के अनुसार राखिया फल की बलि भी दी गई।
पूजन के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह सहित उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने हर्ष फायरिंग कर विजयदशमी की परंपरा निभाई। कार्यक्रम में डीएसपी उन्नति ठाकुर, सीएसपी राहुल उइके, डीएसपी रोहित शुक्ला, उत्तम प्रताप सिंह, सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह और कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी सहित पुलिस लाइन का समस्त अमला मौजूद रहा।
SSP ने जिलेवासियों को दी विजयदशमी की शुभकामनाएं
इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जिलेवासियों को विजयदशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विजयदशमी सत्य, धर्म और न्याय की विजय का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ हर्षोल्लासपूर्वक त्योहार मनाने की अपील की।
एसएसपी ने भरोसा दिलाया कि रायगढ़ पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने त्योहार के दौरान शांति और सद्भाव बनाए रखने के महत्व पर भी जोर दिया।
जिले के सभी थाना और चौकियों में भी हुआ शस्त्र पूजन
विजयदशमी के अवसर पर केवल पुलिस लाइन ही नहीं, बल्कि रायगढ़ जिले के सभी थाना और चौकी परिसरों में भी शस्त्र पूजन किया गया। थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने अस्त्र-शस्त्रों की साफ-सफाई कर विधिवत पूजा-अर्चना की।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने जनसेवा, कर्तव्यनिष्ठा तथा नागरिकों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। विजयदशमी के मौके पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस बल ने परंपरा के निर्वहन के साथ शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के अपने संकल्प को भी रेखांकित किया।
