रात के अंधेरे में ओडिशा से रायगढ़ पहुंच रहा था 23.88 टन कबाड़, पुलिस ने ट्रक रोका तो खुल गया बड़ा राज; 18 लाख की संपत्ति जब्त

 

रायगढ़। रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और भंडारण के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने एक 10 चक्का ट्रक को रोककर उसमें लदे 23 टन 880 किलोग्राम स्क्रैप कबाड़ को जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, ओडिशा से रायगढ़ लाए जा रहे इस कबाड़ से संबंधित वैध दस्तावेज चालक के पास नहीं थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 9 लाख 57 हजार रुपये कीमत का स्क्रैप और परिवहन में इस्तेमाल ट्रक को मिलाकर लगभग 18 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के सुपरविजन में पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम अवैध कबाड़ के परिवहन पर नजर रख रही थी।

पुलिस के मुताबिक, 6 अक्टूबर 2026 को पूंजीपथरा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक 10 चक्का ट्रक में भारी मात्रा में स्क्रैप कबाड़ लोड है और उसे रायगढ़ इस्पात प्लांट में अनलोड करने के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रायगढ़ इस्पात मेन रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी।

इसी दौरान पुलिस ने ट्रक क्रमांक OR 15 R 2257 को रोक लिया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में स्क्रैप कबाड़ भरा मिला। पुलिस ने चालक से कबाड़ के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वह इस संबंध में वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

पूछताछ में चालक की पहचान स्युवीर सिंह, पिता गुरूदयाल सिंह, उम्र 51 वर्ष, निवासी ऐंठापाली, थाना बुडाराजा, जिला संबलपुर, ओडिशा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, चालक ने बताया कि उसने ओडिशा के संबलपुर जिले के ग्राम रैमण्ड से स्क्रैप लोड किया था और उसे रायगढ़ इस्पात प्लांट में खाली करने के लिए ले जा रहा था।

दस्तावेज नहीं मिलने के बाद पुलिस ने ट्रक में लदे कबाड़ का वजन कराया। कांटा कराने पर ट्रक में कुल 23 टन 880 किलोग्राम यानी 23.880 टन स्क्रैप पाया गया। पुलिस ने जब्त स्क्रैप की अनुमानित बाजार कीमत करीब 9 लाख 57 हजार रुपये बताई है।

पुलिस ने केवल कबाड़ ही नहीं, बल्कि उसे ले जाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे 10 चक्का ट्रक को भी जब्त कर लिया। स्क्रैप और ट्रक की संयुक्त अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई गई है। मामले में चालक के खिलाफ वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के आधार पर कानूनी कार्रवाई की गई है।

पूंजीपथरा पुलिस ने ट्रक चालक स्युवीर सिंह के खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 53/2026 के तहत धारा 35(क)(5) बीएनएसएस और 303(2) बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई की है। पुलिस ने इस पूरे मामले में कबाड़ के स्रोत और उसके परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच भी की है।

इस कार्रवाई में पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक बिनित तिर्की, आरक्षक हेमसागर पटेल और आरक्षक आदिकंद प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ किया है कि जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी है और कबाड़ के अवैध परिवहन पर पुलिस की नजर बनी हुई है।

You missed