धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिला अस्पताल से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। यहां एक महिला ने 5 किलोग्राम वजनी बच्ची को नॉर्मल डिलीवरी के जरिए जन्म दिया है। सबसे राहत की बात यह है कि डिलीवरी के बाद मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।
जिला अस्पताल में इतनी अधिक वजन वाली बच्ची का नॉर्मल डिलीवरी से जन्म होना चर्चा का विषय बना हुआ है। अस्पताल के इतिहास में यह दूसरा ऐसा मामला बताया जा रहा है।
डिलीवरी डेट निकल गई, 15 सितंबर को अस्पताल में भर्ती
जानकारी के मुताबिक, गुरूर क्षेत्र के सरबदा निवासी रामेश्वर साहू की पत्नी मनीषा साहू (25) की डिलीवरी डेट निकल चुकी थी। प्रसव पीड़ा शुरू नहीं होने के बाद परिजनों ने उन्हें 15 सितंबर को धमतरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
इसके बाद डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार और प्रसव की प्रक्रिया शुरू की गई।
सोनोग्राफी में 3.5 किलो था वजन, 15 दिन बाद बढ़कर 5 किलो
परिजनों के मुताबिक, मनीषा की 1 सितंबर को सोनोग्राफी कराई गई थी। उस समय बच्ची का वजन करीब 3.5 किलोग्राम बताया गया था।
लेकिन करीब 15 दिन बाद जब डिलीवरी हुई, तो नवजात का वजन 5 किलोग्राम निकला। 16 सितंबर को दोपहर ठीक 1 बजकर 1 मिनट पर मनीषा की नॉर्मल डिलीवरी हुई और उन्होंने 5 किलो वजनी बच्ची को जन्म दिया।
बताया गया है कि मनीषा की यह दूसरी बेटी है।
5 किलो की बच्ची का नॉर्मल जन्म, मां-बेटी दोनों स्वस्थ
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रागिनी ठाकुर के मुताबिक, डिलीवरी पूरी तरह सामान्य तरीके से हुई। फिलहाल मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
जिला अस्पताल में 5 किलोग्राम वजन वाली बच्ची का नॉर्मल डिलीवरी से जन्म होना अस्पताल में चर्चा का विषय बना हुआ है। अस्पताल के इतिहास में इतनी अधिक वजन वाली बच्ची की नॉर्मल डिलीवरी का यह दूसरा मामला बताया जा रहा है।
मां और नवजात दोनों के स्वस्थ होने से परिवार में खुशी का माहौल है।
