छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फेरबदल! 25 डॉक्टरों के तबादले, कई जिलों के CMHO और सिविल सर्जन बदले

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शासन ने 25 चिकित्सा अधिकारियों और चिकित्सा विशेषज्ञों का प्रशासनिक आधार पर तबादला करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने इस संबंध में 17 सितंबर 2026 को आदेश जारी किया है।

आदेश के मुताबिक कई अधिकारियों को अलग-अलग जिलों में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), प्रभारी सिविल सर्जन और अस्पताल अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।

इन अधिकारियों की बदली जिम्मेदारी

डॉ. आई. नागेश्वर राव को महासमुंद के प्रभारी CMHO पद से हटाकर उप संचालक, राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान रायपुर बनाया गया है। वहीं डॉ. रामकेश्वर सिंह कुशवाहा को सुकमा से महासमुंद का प्रभारी CMHO बनाया गया है।

डॉ. भुवन विजय कुर्रे को दंतेवाड़ा से प्रभारी CMHO सुकमा, डॉ. शरद कोहाड़े को बेमेतरा में प्रभारी CMHO और डॉ. अरुण कुमार टोंडर को प्रभारी CMHO धमतरी की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मुंगेली, बिलासपुर, बलरामपुर, दंतेवाड़ा, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और सक्ती समेत कई जिलों में भी अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है।

आगामी आदेश तक नई जिम्मेदारी

शासन के आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को उनके नाम के सामने दर्शाए गए पदस्थापना स्थल पर अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक पदस्थ किया गया है। संबंधित कलेक्टर, CMHO, सिविल सर्जन और स्वास्थ्य अधिकारियों को आदेश के पालन के निर्देश दिए गए हैं।

छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से जारी यह आदेश राज्यपाल के नाम से और आदेशानुसार जारी किया गया है।

  

You missed