नई दिल्ली: LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए अलग-अलग राज्यों से राहत भरी खबर सामने आई है। कई राज्यों में गरीब और पात्र परिवारों को मुफ्त LPG सिलेंडर या आर्थिक सहायता देने की योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसी कड़ी में गोवा सरकार ने ‘गोवा उज्ज्वला योजना’ शुरू की है, जिसके तहत पात्र लाभार्थियों को एक वित्तीय वर्ष में तीन मुफ्त LPG सिलेंडर का लाभ दिया जाएगा।
सरकार की ओर से लाभार्थियों के बैंक खातों में ₹3000 ट्रांसफर किए जाने हैं। इसके लिए 9 सितंबर की डेडलाइन तय की गई थी। यानी पात्र लाभार्थियों के खातों में आज से इस राशि के पहुंचने की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।
साल में 3 मुफ्त सिलेंडर, नहीं है इनकम लिमिट
गोवा सरकार की इस योजना के तहत एक वित्तीय वर्ष में तीन LPG सिलेंडर के खर्च के बराबर आर्थिक सहायता दी जाएगी। खास बात यह है कि योजना का लाभ लेने के लिए कोई आय सीमा निर्धारित नहीं की गई है।
हालांकि, योजना का लाभ लेने के लिए निर्धारित दस्तावेज जमा करना जरूरी था। लाभार्थियों से बैंक पासबुक, आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र की प्रतियां मांगी गई थीं। आवेदन फॉर्म 5 सितंबर से पंचायतों और विधायकों के कार्यालयों में उपलब्ध कराए गए थे।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति गलत जानकारी देकर योजना का लाभ लेता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है और दी गई राशि की वसूली भी की जाएगी।
चुनावी वादे के बाद लागू हुई योजना
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने एक कार्यक्रम के दौरान बताया था कि यह योजना 2022 के राज्य विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादे का हिस्सा है। उन्होंने उस समय हर साल तीन मुफ्त LPG सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, लाभार्थियों के बैंक खातों में हर साल ₹3000 जमा किए जाएंगे, जिससे वे योजना के तहत तीन LPG सिलेंडर खरीदने का खर्च उठा सकेंगे।
तमिलनाडु में भी 3 फ्री LPG सिलेंडर का ऐलान
गोवा के अलावा तमिलनाडु में भी मुफ्त LPG सिलेंडर को लेकर बड़ा ऐलान किया गया है। मुख्यमंत्री विजय ने ‘अन्नपूर्णी सुपर सिक्स योजना’ के तहत साल में तीन मुफ्त LPG सिलेंडर देने की घोषणा की है।
बताया गया है कि यह योजना जनवरी में पोंगल त्योहार से शुरू होगी। सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य बढ़ती LPG कीमतों और सिलेंडर की मांग के बीच आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को राहत देना है।
₹2.5 लाख तक सालाना आय वालों को मिलेगा लाभ
तमिलनाडु की इस योजना के लिए ₹4,000 करोड़ का बजट आवंटित किया गया है। जिन परिवारों की सालाना आय अधिकतम ₹2.5 लाख है, वे इसके लिए पात्र होंगे। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों, छोटे और सीमांत किसानों, दिव्यांग लोगों के परिवारों और अन्य कमजोर वर्गों को भी योजना में शामिल किए जाने की बात कही गई है।
तमिलनाडु में पहले चरण में तीन मुफ्त LPG सिलेंडर देने का फैसला किया गया है। यानी अलग-अलग राज्यों में LPG उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए योजनाएं लागू की जा रही हैं।
