लखनऊ: सालों से भर्ती का इंतजार कर रहे लाइब्रेरियन अभ्यर्थियों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। मंगलवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर पहुंच गए और लाइब्रेरियन के रिक्त पदों पर जल्द भर्ती का नोटिफिकेशन जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से भर्ती नहीं निकलने के कारण योग्य युवा लगातार इंतजार कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान उपमुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों से मुलाकात की और यूपीएसएसएससी अध्यक्ष से बातचीत कर जल्द समाधान निकालने का आश्वासन दिया।
2016 के बाद नहीं निकली लाइब्रेरियन भर्ती
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का दावा है कि 2016 के बाद से लाइब्रेरियन के पदों पर कोई भर्ती नहीं निकली है। उनका कहना है कि लंबे समय से पद खाली पड़े हैं, जबकि लाइब्रेरी साइंस की योग्यता रखने वाले युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं।
अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि कई जगहों पर लाइब्रेरी का काम ऐसे लोगों से कराया जा रहा है, जो निर्धारित पद के लिए योग्य नहीं हैं। ऐसे में योग्य अभ्यर्थियों ने सरकार से भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की है।
PET-2025 के आधार पर भर्ती की मांग
अभ्यर्थियों ने मांग की कि PET-2025 के स्कोर के आधार पर लाइब्रेरियन भर्ती निकाली जाए, ताकि लंबे समय से तैयारी कर रहे बेरोजगार युवाओं को नौकरी का अवसर मिल सके।
प्रदर्शन में शामिल अभिषेक ने बताया कि अभ्यर्थी लंबे समय से इस मांग को लेकर अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं। उनके अनुसार, अधिकारियों की ओर से 362 पदों की अधियाचना आने की बात कही गई थी, लेकिन भर्ती को लेकर हर बार अगले महीने का भरोसा दिया जाता रहा।
‘हर बार अगले महीने का वादा, लेकिन भर्ती नहीं’
अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद में वे लगातार इंतजार कर रहे हैं। कई बार जल्द नोटिफिकेशन जारी होने की बात कही गई, लेकिन अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हुई।
अभ्यर्थी सुरेश ने आरोप लगाया कि 2006 में बने लाइब्रेरी एक्ट का कई जगहों पर पालन नहीं हो रहा है। उनका कहना है कि योग्य डिग्रीधारी युवाओं के होते हुए भी कई स्थानों पर लाइब्रेरी का काम अयोग्य लोगों से कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि डिग्री हासिल करने के बाद भी भर्ती नहीं होने से युवाओं का भविष्य अधर में है।
डिप्टी CM ने UPSSSC अध्यक्ष से की बात
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों से मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उनकी मांग सुनी। उन्होंने यूपीएसएसएससी अध्यक्ष से बातचीत कर समस्या का जल्द समाधान निकालने का आश्वासन दिया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा, “मैं खुद छात्र राजनीति से हूं, इसलिए उनकी परेशानी अच्छी तरह समझता हूं। जल्द ही इनकी समस्या का समाधान कराया जाएगा।”
अब अभ्यर्थियों की नजर सरकार और UPSSSC की अगली कार्रवाई पर है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि 362 पदों की अधियाचना के बाद भर्ती का नोटिफिकेशन आखिर कब जारी होगा?
