बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में फर्जी ट्रांसफर ऑर्डर तैयार कर उसका इस्तेमाल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पलारी पुलिस ने भाजपा जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी, जिला उपाध्यक्ष पुनी राम पटेल, RMA रवि सेन और RMA करण कुमार देवांगन को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि रोहांसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ RMA करण कुमार देवांगन के तबादले के नाम पर करीब 1 लाख रुपये का लेनदेन हुआ और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के जाली हस्ताक्षर वाला फर्जी आदेश तैयार कर व्हाट्सऐप के जरिए भेजा गया।
ऐसे सामने आया पूरा मामला
मामला रोहांसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ RMA करण कुमार देवांगन के कथित फर्जी स्थानांतरण आदेश से जुड़ा है। आदेश में करण देवांगन का तबादला रोहांसी PHC से मोपरा PHC किया जाना बताया गया था।
17 अगस्त को इस आदेश की एक कॉपी व्हाट्सऐप के जरिए स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय पहुंची। दस्तावेज की जांच कराई गई तो वह फर्जी पाया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, आदेश पर CMHO डॉ. राजेश अवस्थी के जाली हस्ताक्षर किए गए थे।
इसके बाद खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज वर्मा की शिकायत पर पलारी थाने में मामला दर्ज किया गया।
तबादले के लिए ऐसे जुड़ते गए आरोपी
पुलिस की जांच के मुताबिक, RMA करण कुमार देवांगन ने तबादला कराने के लिए आरोपियों से संपर्क किया और कथित तौर पर पैसे दिए। RMA रवि सेन ने करण और भाजपा नेताओं के बीच संपर्क कराने में भूमिका निभाई।
पुलिस के अनुसार, भाजपा नेता पुनी राम पटेल ने तबादला कराने का आश्वासन दिया और करण की मुलाकात भाजपा जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी से कराई। आरोप है कि पुनी राम पटेल ने खुद भी ऑनलाइन भुगतान लिया।
इसके बाद आरोप है कि कृष्णा अवस्थी ने तबादले के बदले 1 लाख रुपये की मांग की और CMHO के जाली हस्ताक्षर वाला स्थानांतरण आदेश तैयार करवाकर व्हाट्सऐप पर भेजा।
पुलिस अब ऑनलाइन लेनदेन समेत फर्जी आदेश तैयार करने की पूरी प्रक्रिया की जांच कर रही है।
गिरफ्तारी से पहले कोर्ट पहुंचा था मामला
पुलिस के मुताबिक, RMA करण कुमार देवांगन ने थाने में मामला दर्ज होने से पहले ही जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन कर दिया था। इसकी जानकारी पुलिस को हुई। मामले की पहले से जांच कर रही पलारी पुलिस ने SP गौरव राय के निर्देश पर आगे की कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पलारी थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि BMO डॉ. पंकज वर्मा की शिकायत के बाद जांच की गई। जांच में चारों आरोपियों की भूमिका सामने आई, जिसके बाद कृष्णा अवस्थी, पुनी राम पटेल, रवि सेन और करण देवांगन को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 318(4), 336(3), 337, 338, 340(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने दोनों नेताओं को पद से हटाया
भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी के बाद पार्टी ने भी संगठनात्मक कार्रवाई की है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी और जिला उपाध्यक्ष पुनी राम पटेल को तत्काल उनके पदों से हटा दिया गया है।
पार्टी की इस कार्रवाई के बाद मामले ने राजनीतिक स्तर पर भी तूल पकड़ लिया है।
विभाग ने गठित की तीन सदस्यीय जांच टीम
CMHO डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि उनके नाम से RMA करण देवांगन का तबादला आदेश सामने आया था। जांच में दस्तावेज फर्जी पाए जाने के बाद पुलिस में शिकायत की गई।
उन्होंने बताया कि मामले की विभागीय जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन भी किया गया है।
फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि फर्जी तबादला आदेश किसने तैयार किया, CMHO के जाली हस्ताक्षर कैसे किए गए और फर्जी दस्तावेज स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय तक किस माध्यम से पहुंचाया गया। साथ ही कथित ऑनलाइन लेनदेन में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
