Gariyaband News: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत आबकारी टीम ने पंटोरा जंगल क्षेत्र में दबिश देकर जंगल में छिपाकर रखी गई करीब 100 बल्क लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके पर नहीं मिला और उसकी तलाश अब भी जारी है।
जंगल में छिपाकर रखी थी शराब
आबकारी टीम को अवैध शराब के निर्माण और भंडारण की सूचना मिलने के बाद पंटोरा जंगल क्षेत्र में सघन गश्त और जांच की गई। इसी दौरान टीम को जंगल में छिपाकर रखी गई कच्ची मदिरा बरामद हुई।
आबकारी विभाग ने बरामद शराब को अपने कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अज्ञात आरोपी द्वारा अवैध रूप से शराब तैयार कर उसे जंगल में छिपाकर रखा गया था।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2011) की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। प्रकरण को विवेचना में लेते हुए आबकारी विभाग अब शराब के अवैध कारोबार से जुड़े आरोपी की पहचान और उसके ठिकाने का पता लगाने में जुटा है।
फिलहाल आरोपी की पतासाजी जारी है।
इन अधिकारियों-कर्मचारियों की रही अहम भूमिका
यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त पीएस एल्मा और कलेक्टर बीएस उईके के निर्देश तथा जिला आबकारी अधिकारी गजेन्द्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक नागेशराज श्रीवास्तव और हितेश कुमार भोई, आबकारी मुख्य आरक्षक चंदेलाल गायकवाड, आबकारी आरक्षक पिताम्बर चौधरी, रवि कुमार और युवराज ध्रुव, नगर सैनिक संजय नेताम और मनीष कश्यप, महिला नगर सैनिक कल्पना ध्रुव तथा वाहन चालक शैलेन्द्र कश्यप का विशेष योगदान रहा।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी
गरियाबंद जिले में आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पंटोरा जंगल से 100 बल्क लीटर कच्ची शराब की बरामदगी को इसी अभियान की एक बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
अब विभाग की जांच का अगला फोकस उस व्यक्ति तक पहुंचना है, जिसने जंगल में शराब तैयार कर उसे छिपाकर रखा था।
