Ambikapur News: छात्रा को घर छोड़ने निकला था ऑटो चालक, फिर सुनसान रास्ते पर मोड़ा ऑटो… शोर मचते ही खुल गया पूरा मामला

Ambikapur News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर में एक नाबालिग छात्रा से जुड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक ऑटो चालक छात्रा को ट्यूशन से घर पहुंचाने के बजाय सुनसान इलाके की ओर ले जाने लगा। छात्रा ने जब शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई तो आसपास मौजूद लोगों ने ऑटो को रोक लिया और बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला।

इसके बाद लोगों ने आरोपी चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में काफी आक्रोश देखने को मिला।

ट्यूशन से घर लौट रही थी छात्रा

मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक 13-14 वर्षीय छात्रा देर शाम ट्यूशन खत्म होने के बाद ऑटो से अपने घर लौट रही थी।

आरोप है कि घर पहुंचाने के बजाय चालक ने ऑटो को कॉलेज ग्राउंड की तरफ सुनसान इलाके में मोड़ दिया। छात्रा को जब स्थिति संदिग्ध लगी तो उसने शोर मचाना शुरू कर दिया और आसपास के लोगों से मदद मांगी।

बच्ची की आवाज सुनकर दौड़े लोग

छात्रा की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि वहां मौजूद कुछ ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने ऑटो को रोक लिया।

लोगों ने छात्रा को ऑटो से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद आरोपी चालक को पकड़ लिया गया।

लोगों ने चालक को पुलिस के हवाले किया

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी ऑटो चालक की पिटाई कर दी। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि चालक नशे की हालत में था। हालांकि घटना के पीछे उसकी वास्तविक मंशा क्या थी, इसका खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस कर रही मामले की जांच

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

वहीं, समय रहते लोगों के मौके पर पहुंच जाने से नाबालिग छात्रा को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नाबालिगों की सुरक्षा और सार्वजनिक परिवहन में निगरानी को लेकर भी चिंता जताई है।