Surguja News: 15 अगस्त पर शराब बेचने का खेल! आबकारी टीम ने बाबूपारा में दी दबिश, 27.2 लीटर विदेशी शराब जब्त; आरोपी गिरफ्तार होकर जेल दाखिल

सरगुजा: 15 अगस्त के ड्राई डे पर अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता और जिला आबकारी सरगुजा की संयुक्त टीम ने बाबूपारा में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के कब्जे से 27.2 लीटर विदेशी मदिरा व्हिस्की और माल्ट बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मुखबिर की सूचना पर टीम ने घेरा मकान

जानकारी के मुताबिक, 15 अगस्त को संभागीय आबकारी उड़नदस्ता और जिला आबकारी की टीम अवैध शराब की बिक्री पर रोकथाम के लिए क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बाबूपारा में आनंद सोनी नामक व्यक्ति ऑटो से घूम-घूमकर शराब बेच रहा है और उसने अपने किराए के कमरे में भी बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखी है।

सूचना मिलते ही सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने बाबूपारा स्थित आरोपी के किराए के मकान पर दबिश दी।

ऑटो से मिला शराब से भरा पिट्ठू बैग

आबकारी टीम के पहुंचने के दौरान आरोपी आनंद सोनी अपने इलेक्ट्रॉनिक ऑटो से कहीं जाने की तैयारी में था। टीम ने उसे पकड़कर ऑटो की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान ऑटो में रखे एक पिट्ठू बैग से 7 नग 8 PM व्हिस्की बरामद की गई।

इसके बाद टीम आरोपी को लेकर उसके किराए के मकान में पहुंची, जहां तलाशी के दौरान अलग-अलग जगहों से शराब बरामद हुई।

फ्रिज और कमरे में छिपाकर रखी थी शराब

आबकारी विभाग के मुताबिक, आरोपी के कमरे में रखे फ्रिज से 12 नग सिंबा बीयर और 6 नग गॉडफादर बीयर बरामद की गई।

वहीं कमरे की तलाशी में 13 नग 8 PM व्हिस्की और 16 नग सिंबा केन बीयर भी मिली।

इस तरह कुल 27.2 लीटर विदेशी मदिरा व्हिस्की एवं माल्ट बरामद किया गया। आरोपी शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पूरी शराब को जब्त कर आबकारी विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया।

ऑटो और फ्रिज भी जब्त

कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने शराब के साथ आरोपी के इलेक्ट्रॉनिक ऑटो को भी जब्त किया। जिस फ्रिज से बीयर बरामद हुई, उसे भी विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया।

आरोपी आनंद सोनी को आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2) और 59(क) के तहत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में न्यायिक रिमांड के लिए पेश किया गया, जहां से उसे जेल दाखिल कर दिया गया।

इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका

यह कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी इन्द्रबली सिंह मार्कण्डेय और एल.के. गायकवाड़ के निर्देशन तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के मार्गदर्शन में आबकारी उप निरीक्षक सौरभ साहू द्वारा की गई।

कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक टीआर केहरी, आकाश साहू, राहुल भगत, अनिल गुप्ता, प्रिया गुप्ता और सरिता साहू की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

15 अगस्त जैसे ड्राई डे पर हुई इस कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग ने साफ संकेत दिया है कि अवैध शराब की बिक्री और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।