New Delhi: झारखंड में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का मुद्दा अब संसद परिसर तक पहुंच गया है। मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समर्थन में NDA सांसदों ने संसद परिसर में मार्च निकाला। सांसदों ने झारखंड में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष और खास तौर पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा।
NDA सांसद संसद के मकर द्वार की ओर मार्च करते हुए पहुंचे और विपक्ष से झारखंड के छात्रों के मुद्दे पर जवाब देने की मांग की।
‘हर चर्चा के लिए तैयार, फिर भी सदन नहीं चलने दे रहे’
भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने आरोप लगाया कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष बार-बार सदन की कार्यवाही बाधित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि इसी के विरोध में NDA सांसदों ने मार्च निकाला है।
अनुराग ठाकुर बोले- झारखंड के युवाओं के साथ न्याय हो
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने झारखंड के छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा।
उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में युवाओं के साथ जिस तरह की कार्रवाई हुई, वह गंभीर मामला है। उनका कहना है कि विपक्ष गृह मंत्री से जवाब मांग रहा है, जबकि सरकार चर्चा के लिए तैयार है।
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर छात्रों के मुद्दे का राजनीतिक इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया और कहा कि जब छात्रों को न्याय दिलाने की बात आती है तो विपक्ष पीछे हट जाता है।
‘कांग्रेस झूठ की दुकान बन गई है’
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी छात्रों के मुद्दे को लेकर राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों के जरिए राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश कर रही है।
वहीं भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने झारखंड में हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रांची में छात्रों पर लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल के मुद्दे पर विपक्ष की चुप्पी सवाल खड़े करती है।
चिराग पासवान ने विपक्ष पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी विपक्ष पर सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष बार-बार अपना मुद्दा बदल रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के इस रवैये से संसद के कामकाज को नुकसान हो रहा है।
बांसुरी स्वराज बोलीं- छात्र बयान नहीं, कार्रवाई चाहते हैं
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में छात्र जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि छात्रों को सिर्फ बयान नहीं, बल्कि कार्रवाई चाहिए। साथ ही उन्होंने झारखंड सरकार में कांग्रेस की भागीदारी का जिक्र करते हुए विपक्ष से छात्रों के मुद्दे पर जवाबदेही तय करने की मांग की।
झारखंड का छात्र आंदोलन पहुंचा संसद तक
झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई के बाद यह मुद्दा और ज्यादा राजनीतिक हो गया है।
अब NDA सांसदों के संसद परिसर में मार्च के बाद साफ है कि झारखंड के छात्रों का मुद्दा संसद में भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव का नया केंद्र बन गया है।
