छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी और दहशत फैलाने वाले कथित ‘भौकाल बाइकर्स गैंग’ पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने 8 युवकों को पकड़कर 7 बाइक जब्त कर लीं। कार्रवाई के दौरान पकड़े गए युवकों में कई नाबालिग भी शामिल बताए जा रहे हैं।
वायरल वीडियो बना कार्रवाई की वजह
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक बाइक पर स्टंट करते हुए और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते नजर आए। आरोप है कि उन्होंने कनकी धाम के पास सड़क पर हुड़दंग मचाया, रास्ता बाधित किया और वहां पहुंचे श्रद्धालुओं को भी परेशान किया।
वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में पहुंचा, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई की गई।
7 बाइक जब्त, 8 युवकों पर कार्रवाई
पुलिस ने अभियान चलाकर मामले में शामिल 8 युवकों को हिरासत में लिया और उनके कब्जे से 7 बाइक जब्त कर लीं। अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए युवकों में कुछ नाबालिग भी हैं, जिनके संबंध में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के सामने कान पकड़कर मांगी माफी
कार्रवाई के बाद सभी पकड़े गए युवक पुलिस के सामने कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए। पुलिस ने युवाओं से भविष्य में इस तरह की स्टंटबाजी और सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी भी दी।
स्टंटबाजी और हुड़दंग पर सख्त नजर
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करना, ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करना और सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
