जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नेशनल हाईवे पर सोमवार को हुए सड़क हादसे में आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब वे अकलतरा से बिलासपुर की ओर कार से जा रहे थे।
बाइक सवार को बचाने की कोशिश में हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सफर के दौरान अचानक एक बाइक सवार युवक कार के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में अभिषेक मिश्रा की कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायल अभिषेक मिश्रा को इलाज के लिए बिलासपुर भेजा। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
कार्यकर्ताओं में चिंता, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की खबर मिलते ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता का माहौल है। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस ने भी मौके की जानकारी लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।
