स्टील प्लांट हादसे ने ली दो और जिंदगियां! ब्लास्ट में झुलसे मजदूरों की इलाज के दौरान मौत, तीन अब भी जिंदगी की जंग लड़ रहे

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्थित मां शिवा स्टील प्लांट में हुए भीषण फर्नेस हादसे ने दो श्रमिकों की जान ले ली। कुछ दिन पहले इंडक्शन फर्नेस में बॉयलिंग (ब्लास्ट जैसी स्थिति) होने से गंभीर रूप से झुलसे पांच श्रमिकों में से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य श्रमिक अब भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।

काम के दौरान हुआ था हादसा

जानकारी के मुताबिक, पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित मां शिवा स्टील प्लांट में चार दिन पहले सभी श्रमिक रोज की तरह काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक इंडक्शन फर्नेस में बॉयलिंग होने से वहां मौजूद प्रमोद सोनी, चौखट सिंह, गुड्डू कुमार, चतुर यादव और शनिराम राठिया गंभीर रूप से झुलस गए।

हादसे के तुरंत बाद अन्य कर्मचारियों ने सभी घायलों को इलाज के लिए जिंदल फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद प्रमोद सोनी और चौखट सिंह की हालत बेहद नाजुक होने पर उन्हें रायपुर रेफर किया गया था।

इलाज के दौरान दो श्रमिकों ने तोड़ा दम

रायपुर में इलाज के दौरान प्रमोद सोनी और चौखट सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं, जिंदल फोर्टिस अस्पताल में भर्ती गुड्डू कुमार, चतुर यादव और शनिराम राठिया का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

जांच में जुटी पुलिस, प्रबंधन पर दर्ज हुआ मामला

हादसे के बाद पूंजीपथरा पुलिस और औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों में अनियमितताओं की आशंका सामने आने पर प्लांट मालिक और मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.