राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला हत्या निकला। पुलिस ने वैज्ञानिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतका के देवर को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि भाभी के तानों से नाराज होकर देवर ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
घर के अंदर मिला था महिला का शव
मामला ग्राम पेण्डरवानी का है, जहां 28 वर्षीय तामेश्वरी साहू का शव उनके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। परिजन उन्हें तत्काल शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, पेण्ड्री लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी तुमडीबोड़ और साइबर थाना की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला हत्या का राज
मेडिको-लीगल विशेषज्ञों द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ कि महिला की मौत गला घोंटने (दम घुटने) से हुई थी। रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच तेज कर दी।
तानों से नाराज होकर कर दी हत्या
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका अक्सर अपने देवर देवेन्द्र साहू को काम नहीं करने और घर पर बैठे रहने को लेकर ताने देती थी। पुलिस के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने गुस्से में साड़ी से तामेश्वरी साहू का गला घोंट दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस ने संदेह के आधार पर देवेन्द्र साहू से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 334/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
वैज्ञानिक जांच से सुलझी गुत्थी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के प्रत्यक्ष साक्ष्य नहीं होने के बावजूद फॉरेंसिक जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है।
