अवैध शराब पकड़ने पहुंची पुलिस पर हमला! रातभर मचा बवाल, सुबह पूरे परिवार समेत 6 आरोपी दबोचे गए

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। अचानक बिगड़े हालात और रातभर चले हंगामे के बीच पुलिसकर्मियों को गांव से वापस लौटना पड़ा। हालांकि पुलिस ने अगले ही दिन सुबह दोबारा कार्रवाई करते हुए पूरे मामले में एक महिला और एक नाबालिग समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात पुलिस को कांदगड़ी के आश्रित ग्राम डोंगरीपानी में अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही आठ पुलिसकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान कुछ ग्रामीणों ने पुलिस टीम का विरोध करते हुए हमला कर दिया, जिससे गांव में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हालात बिगड़ने पर रात में लौटना पड़ा

ग्रामीणों के उग्र विरोध और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम ने रात में गांव से वापस लौटना उचित समझा। इसके बाद शुक्रवार सुबह अतिरिक्त तैयारी के साथ पुलिस फिर गांव पहुंची और कार्रवाई करते हुए चार पुरुष, एक महिला और एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

सहायक उपनिरीक्षक यदुराज की शिकायत पर पुलिस ने सुमित्रा नेताम, चुनेश्वर मरकाम सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 109, 115(2), 121(1), 132, 191(2), 191(3), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है।

जांच जारी

पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अवैध शराब के कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने की साजिश में अन्य लोगों की भूमिका रही या नहीं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।