दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में मंगलवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। महेंद्रा ट्रेवल्स की यात्रियों से भरी एक बस भांसी थाना क्षेत्र के धुरली गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में 10 से 12 यात्री घायल हुए हैं।
सुबह करीब 4:30 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। बस यात्रियों को लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रही थी, तभी धुरली के पास चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क पर पलट गई।
जवानों ने चलाया राहत एवं बचाव अभियान
घटना की सूचना मिलते ही भांसी थाना पुलिस और सुरक्षा बल के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। जवानों ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा।
दंतेवाड़ा और बचेली अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में घायल 10 से 12 यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों का इलाज दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में किया जा रहा है, जबकि अन्य घायलों को बचेली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है।
