रायपुर में गरमाएगी सियासत! 28 जुलाई को सचिन पायलट का बड़ा शक्ति प्रदर्शन, BJP के खिलाफ खोलेंगे मोर्चा

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजनीति में 28 जुलाई को हलचल तेज होने वाली है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट रायपुर दौरे पर आ रहे हैं। माना जा रहा है कि वे NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रदर्शन में शामिल होकर बीजेपी सरकार के खिलाफ बड़ा संदेश देंगे।

हालांकि, प्रदेश कांग्रेस की ओर से अभी तक उनके दौरे का विस्तृत आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस दौरे को काफी अहम माना जा रहा है।

प्रदर्शन के साथ संगठन पर भी रहेगा फोकस

सूत्रों के अनुसार, रायपुर दौरे के दौरान सचिन पायलट प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठकों में भी हिस्सा ले सकते हैं। प्रदेश कांग्रेस में चल रहे संगठनात्मक बदलावों और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना है।

पहले भी साध चुके हैं बीजेपी पर निशाना

इससे पहले 25 जून को रायपुर पहुंचे सचिन पायलट ने कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया था। उस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा था कि भाजपा को कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर की चिंता करने के बजाय अपनी सरकार और संगठन के भीतर चल रही खींचतान पर ध्यान देना चाहिए।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की रणनीति

सचिन पायलट ने कहा था कि कांग्रेस 135 साल पुरानी पार्टी है और नए जिला अध्यक्षों व कार्यकर्ताओं को मजबूत बनाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी की सोच के अनुरूप बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा था कि देशभर में आयोजित प्रशिक्षण शिविरों में जनहित के मुद्दों और भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ रणनीति तैयार की जा रही है।

28 जुलाई पर टिकी राजनीतिक नजरें

अब 28 जुलाई को रायपुर में होने वाला कांग्रेस का प्रदर्शन और उसमें सचिन पायलट की मौजूदगी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। माना जा रहा है कि इस दौरे में वे NEET पेपर लीक समेत कई राष्ट्रीय और प्रदेश के मुद्दों पर बीजेपी सरकार को घेरने की कोशिश करेंगे।