बीजेपी दफ्तर में आज देर रात तक मंथन! रायपुर पहुंचे राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री, 2028 चुनाव को लेकर बन सकती है बड़ी रणनीति

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री शिवप्रकाश सिंह मंगलवार को दो दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। उनके दौरे के साथ ही प्रदेश भाजपा में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों का दौर शुरू होगा। माना जा रहा है कि इन बैठकों में संगठन को मजबूत करने, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और 2028 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर व्यापक रणनीति पर चर्चा होगी।

देर रात तक चलेगा बैठकों का सिलसिला

भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को दोपहर 3 बजे प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसके बाद शाम 6 बजे प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी। दोनों बैठकों में संगठन से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तृत मंथन होने की संभावना है।

बुधवार को भी रहेंगी अहम बैठकें

शिवप्रकाश सिंह के दौरे के दूसरे दिन बुधवार सुबह प्रदेश महामंत्रियों की बैठक होगी। इसके बाद दोपहर में प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजकों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।

वरिष्ठ नेताओं की रहेगी मौजूदगी

बैठकों में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय सहित संगठन के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे।

सूत्रों के अनुसार, बैठकों में संगठन विस्तार, बूथ स्तर की तैयारियों, आगामी कार्यक्रमों और 2028 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विशेष फोकस रहेगा।