साय सरकार का बड़ा फैसला! अब बीजापुर और नारायणपुर में भी जिला जेल जैसी सुविधाएं, जारी हुआ आदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने जेल प्रशासन को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए बीजापुर और नारायणपुर उप जेलों के उन्नयन (अपग्रेडेशन) का आदेश जारी किया है। जेल विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के तहत दोनों उप जेलों को अब जिला जेल के समकक्ष घोषित किया गया है।

इस फैसले के बाद बीजापुर और नारायणपुर में बंदियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही जेलों की क्षमता, सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था में भी महत्वपूर्ण सुधार देखने को मिलेगा।

बंदियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

जेल महानिदेशक (डीजी जेल) हिमांशु गुप्ता ने बताया कि दोनों जेलों के उन्नयन से बंदियों को अधिक सुविधाएं मिलेंगी। इसके साथ ही जेलों की बंदी क्षमता बढ़ेगी, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी और सुधारात्मक गतिविधियों के साथ कौशल विकास कार्यक्रमों को भी प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा।

सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था होगी मजबूत

डीजी जेल के अनुसार, इस निर्णय से बंदियों के परिजनों को भी सुविधा मिलेगी। वहीं सुरक्षा जोखिम कम होगा, पुलिस एवं जेल बल का बेहतर उपयोग संभव होगा और जेलों के बुनियादी ढांचे को भी मजबूत किया जाएगा।

सरकार का मानना है कि इस कदम से राज्य के जेल प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ दूरस्थ क्षेत्रों में बंदियों के प्रबंधन में भी सुधार होगा।