रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन क्षेत्र में शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। कापू वन परिक्षेत्र के तालगांव में बस्ती में घुसे जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान जान बचाकर भाग रही एक महिला पर हाथी ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतका की पहचान शकुंतला बाई, निवासी तालगांव, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 4 बजे हाथी अचानक बस्ती में घुस आया। हाथी को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी और अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
इसी दौरान हाथी ने भाग रही शकुंतला बाई पर हमला कर दिया। घटना के समय उनकी दुधमुंही बच्ची भी उनके साथ थी, जिससे घटना और भी मार्मिक हो गई। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल कापू अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के दौरान उग्र हाथी ने वन विभाग के एक वाहन पर भी हमला कर नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद वन अमले ने हाथी को बस्ती से जंगल की ओर खदेड़ दिया।
वन विभाग ने मृतका के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने और हाथी की गतिविधियों को देखते हुए जंगल की ओर न जाने की अपील की जा रही है।
