‘अनगिनत चाकू मारेंगे…’ इंस्टाग्राम रील में खुलेआम धमकी, बदमाश ने पुलिस को दी चुनौती!

 

रायपुर, 28 जून 2026। राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर अपराधियों के खुलेआम धमकी भरे वीडियो पोस्ट करने का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा का है, जहां एक युवक ने इंस्टाग्राम पर रील अपलोड कर कथित तौर पर हत्या और हिंसा की धमकी देते हुए पुलिस को खुली चुनौती दे डाली।

वायरल हो रहे वीडियो में युवक कथित रूप से कहता सुनाई दे रहा है, “हमारा खेल ही निराला है… 302 के खेल में अनगिनत चाकू मारेंगे, चाहे जिंदगी रायपुर जेल में निकल जाए।” इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, एक अन्य वीडियो में वही युवक एक युवती के साथ अश्लील गाली-गलौज और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल करता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि दोनों लगातार ऐसे वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि युवक ने इंस्टाग्राम पर “कमीने” नाम से आईडी बनाई हुई है, जहां इस तरह के वीडियो साझा किए जा रहे हैं। वायरल वीडियो में दोनों के हावभाव से ऐसा प्रतीत होता है कि उन्हें कानून का कोई भय नहीं है और वे खुलेआम आपराधिक छवि प्रस्तुत करने की कोशिश कर रहे हैं।

फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने ऐसे कंटेंट पर सख्त कार्रवाई और सोशल मीडिया के जरिए अपराध का महिमामंडन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।