यूथ कांग्रेस में अचानक बड़ा बदलाव! चुनावी घमासान के बीच हटे प्रभारी अमित पठानिया, आखिर क्यों बदली जिम्मेदारी?

 

रायपुर, 28 जून 2026। छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस के संगठनात्मक चुनावों के बीच पार्टी ने बड़ा बदलाव किया है। यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अमित पठानिया की जगह अब डॉ. स्मृति रंजन लेंका को नई जिम्मेदारी सौंप दी गई है। हालांकि कांग्रेस की ओर से इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन 26 जून को जारी स्टार परफॉर्मर की सूची डॉ. स्मृति रंजन लेंका के हस्ताक्षर से जारी होने के बाद इस बदलाव की पुष्टि मानी जा रही है।

यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस के चुनाव को लेकर लगातार विवाद और अनियमितताओं के आरोप सामने आ रहे हैं। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद से ही परिसीमन को लेकर संगठन के भीतर असंतोष बढ़ता गया, जिसके चलते नामांकन प्रक्रिया तक स्थगित करनी पड़ी थी।

गौरतलब है कि यूथ कांग्रेस चुनाव की घोषणा 24 मई को की गई थी। इसके तहत ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर पर नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू होनी थी। लेकिन परिसीमन को लेकर उठे विवाद के कारण नामांकन प्रक्रिया को 15 जून तक के लिए स्थगित करना पड़ा।

इसके बावजूद विवाद थमा नहीं। हाल ही में जारी स्टार परफॉर्मर की सूची को लेकर भी सोशल मीडिया पर कई कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जाहिर की। संगठन के भीतर चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर भी लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं।

इसी बीच प्रभारी के बदलाव को संगठन में चल रहे घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि कांग्रेस की ओर से अभी तक इस बदलाव के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।