रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित मैटर पार्क इलाके में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फैक्ट्री में ड्यूटी के लिए जा रहे दो युवकों की बाइक अचानक बीच सड़क पर बंद हो गई। दोनों कुछ समझ पाते और बाइक को सड़क किनारे ले जाते, इससे पहले ही पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई। घायल युवक दर्द से कराहते रहे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद पहुंचाई।
राहगीरों और दुकानदारों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में दोनों युवकों को चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को जब्त कर लिया और चालक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक अचानक बंद होने के कारण युवक सड़क पर असहाय स्थिति में आ गए थे, तभी यह हादसा हुआ।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
