गर्दनपाठ की पहाड़ी पर चल रहा था नशे का खेल! आबकारी टीम पहुंची तो भागने लगे सप्लायर, 80 नशीले इंजेक्शन के साथ दबोचे गए

अम्बिकापुर। सरगुजा संभाग में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन” के तहत आबकारी उड़नदस्ता टीम को एक और बड़ी सफलता मिली है। अम्बिकापुर के गर्दनपाठ क्षेत्र में नशीले इंजेक्शन की सप्लाई कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 80 नग नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि 19 जून 2026 को गश्त के दौरान गर्दनपाठ स्थित प्रसिद्ध पूजा स्थल के पास मुखबिर से सूचना मिली थी कि पहाड़ी क्षेत्र में दो व्यक्ति बाइक से नशीले इंजेक्शन बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही आबकारी उड़नदस्ता टीम मौके पर पहुंची।

सरकारी गाड़ी देखते ही भागने लगे आरोपी

आबकारी टीम जैसे ही पहाड़ी के पास पहुंची, लाल-काले रंग की टीवीएस राइडर बाइक के पास खड़े दोनों युवक सरकारी वाहन देखकर भागने लगे। हालांकि टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान रवि घासी निवासी झेराडीह थाना लुंड्रा और किशुन राम उर्फ बबलू ठाकुर निवासी गढ़वीरा थाना लुंड्रा, जिला सरगुजा के रूप में बताई।

झोले से निकले 80 नशीले इंजेक्शन

तलाशी के दौरान रवि घासी के पास मौजूद नीले रंग के झोले से 40 नग REXOGESIC इंजेक्शन और 40 नग AVIL इंजेक्शन बरामद किए गए। कुल 80 नशीले इंजेक्शन जब्त कर दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों के खिलाफ Narcotic Drugs and Psychotropic Substances Act की धारा 22(सी) के तहत कार्रवाई करते हुए विशेष न्यायाधीश नारकोटिक्स, अम्बिकापुर के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

लंबे समय से मिल रही थी शिकायत

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि दोनों आरोपी लुंड्रा क्षेत्र में लंबे समय से नशीले इंजेक्शनों की सप्लाई कर रहे थे। इनके खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन गिरफ्तारी से बचते आ रहे थे। आखिरकार आबकारी टीम ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ने में सफलता हासिल की।

उन्होंने बताया कि पिछले पांच दिनों में नशीले इंजेक्शन के कारोबार से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। ऑपरेशन क्लीन के तहत आगे भी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

इनकी रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में आबकारी प्रधान आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पाण्डेय, रणविजय सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता एवं आबकारी स्टाफ नीरज चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।