राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ आगमन से पहले गरमाई राजनीति, बयानों की जंग में उतरे भाजपा और कांग्रेस नेता

रायपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 21 जून को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे से पहले प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने रायपुर पहुंच रहे राहुल गांधी को लेकर भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी जुबानी जंग छिड़ गई है।

भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी के दौरे पर विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि “दिल्ली से जोकर आ रहा है और अगले दस दिनों तक छत्तीसगढ़ में सर्कस चलेगा।” उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है।

पुरंदर मिश्रा ने आगे कहा कि राम को काल्पनिक मानने वाले राहुल गांधी अब भगवान राम के ननिहाल माने जाने वाले छत्तीसगढ़ आ रहे हैं, उनका स्वागत है। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए तंज कसा कि क्या राहुल गांधी यहां पदाधिकारियों को “आलू से सोना निकालने” की कला सिखाने आ रहे हैं।

भाजपा विधायक के इस बयान पर कांग्रेस ने भी तीखा पलटवार किया। पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने कहा कि पुरंदर मिश्रा मानसिक रूप से अस्थिर हो चुके हैं और उन्हें इलाज की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा यदि उनका उपचार नहीं करा पा रही है तो कांग्रेस इसके लिए भी तैयार है।

विकास उपाध्याय ने यह भी कहा कि एक बार विधायक बनने के बाद पुरंदर मिश्रा लगातार विवादित बयान देकर अपना राजनीतिक कद बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा के पास जनहित के मुद्दों पर बात करने के लिए कुछ नहीं बचा है, इसलिए नेताओं को व्यक्तिगत टिप्पणियों का सहारा लेना पड़ रहा है।

राहुल गांधी के दौरे से पहले शुरू हुई यह सियासी तल्खी आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है। कांग्रेस जहां इसे संगठनात्मक मजबूती का अभियान बता रही है, वहीं भाजपा इसे राजनीतिक नौटंकी करार देकर हमलावर है। ऐसे में राहुल गांधी का यह दौरा केवल संगठनात्मक कार्यक्रम तक सीमित रहेगा या प्रदेश की राजनीति में नए विवादों को जन्म देगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।