बिलासपुर। बेलतरा हाईवे पर शुक्रवार को एक ऐसा दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कोयले से भरा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया और उसकी चपेट में आए बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।
मृतकों की पहचान संदीप रजक और प्रदीप रजक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों भाई अपना काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेलतरा हाईवे पर सामने से आ रहा कोयले से लदा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और पलटते हुए सीधे उनकी ओर आ गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि दोनों युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। ट्रेलर के नीचे दबने से दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद ट्रेलर के नीचे दबे दोनों युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रेलर की तेज रफ्तार और चालक का वाहन से नियंत्रण खो देना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
एक ही परिवार के दो जवान और कमाऊ बेटों की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे बेलतरा क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है और हाईवे पर भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण की मांग की है।
