कोरिया में दिल दहला देने वाला कांड, फॉर्च्यूनर को टक्कर मारकर लगाई आग, एक की मौत, तीन लोग जिंदगी और मौत से जूझ रहे

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से मंगलवार रात एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। सोनहत तहसील के ग्राम कटगोड़ी में कथित तौर पर करीब 30 लोगों ने मिलकर एक फॉर्च्यूनर वाहन को घेर लिया और फिर ऐसी खौफनाक साजिश को अंजाम दिया, जिसमें एक व्यक्ति जिंदा जल गया, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।

मृतक की पहचान भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह के रूप में हुई है। वहीं घायल तीन लोगों का इलाज अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पहले टिपर से मारी टक्कर, फिर बंद हो गए बचने के रास्ते

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की है। बताया जा रहा है कि भरत सिंह अपने साथियों के साथ दो वाहनों में सवार होकर नवगई गांव पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उनकी फॉर्च्यूनर को एक टिपर वाहन से कई बार जोरदार टक्कर मारी।

लगातार टक्कर लगने से फॉर्च्यूनर के दरवाजे जाम हो गए और अंदर बैठे लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया। इसके बाद हमलावरों ने वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

बाहर निकलने की कोशिश की तो पीटा गया

प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक पुलिस जांच के मुताबिक, वाहन में फंसे लोग शीशे तोड़कर जान बचाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन आरोप है कि बाहर निकलने वाले लोगों के साथ भी मारपीट की गई। देखते ही देखते फॉर्च्यूनर आग का गोला बन गई और भरत सिंह उसमें फंसकर जिंदा जल गए।

आधी रात को हरकत में आई पुलिस, IG पहुंचे मौके पर

घटना की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी रात में ही मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

घायलों को 40 से 60 प्रतिशत तक झुलसने की स्थिति में पहले बैकुंठपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

फोरेंसिक टीम जुटी जांच में

मामले की जांच के लिए अंबिकापुर से फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर पहुंची है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ हमले के कारणों और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।

फिलहाल इस निर्मम वारदात ने कोरिया जिले में सनसनी फैला दी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।