श्रीलंका में अब गूंजेगा छत्तीसगढ़ का नाम! भारतीय अंडर-19 टीम की उपकप्तान बनी महक, मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

रायपुर। छत्तीसगढ़ की बेटी महक नरवासे ने एक बार फिर प्रदेश का मान बढ़ाया है। भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के आगामी श्रीलंका दौरे के लिए उन्हें टी-20 और वनडे दोनों टीमों का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। इस बड़ी उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री निवास में आयोजित सौजन्य भेंट कार्यक्रम में राजनांदगांव जिले की युवा क्रिकेटर महक नरवासे ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर महक का सम्मान किया और उनकी उपलब्धि को पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण बताया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महक नरवासे की सफलता केवल उनके परिवार या जिले की उपलब्धि नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज खेल, शिक्षा और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महक ने अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के हजारों युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों को अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि महक आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश का नाम रोशन करेंगी। मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे लगातार आगे बढ़ें और नई ऊंचाइयों को छुएं।

मुख्यमंत्री साय ने यह भी कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। महक नरवासे का भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान के रूप में चयन प्रदेश में विकसित हो रहे खेल माहौल और खिलाड़ियों को मिल रहे अवसरों का प्रमाण है।

इस अवसर पर महक नरवासे ने सम्मान और शुभकामनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उनके पिता राधेश्याम नरवासे, महापौर मधुसूदन यादव, कोच मनोज तिवारी सहित कई अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अब पूरे प्रदेश की निगाहें श्रीलंका दौरे पर टिकी हैं, जहां छत्तीसगढ़ की यह उभरती सितारा खिलाड़ी भारतीय टीम की उपकप्तान के रूप में नई पहचान बनाने के लिए तैयार है।