बलरामपुर ,6 जुन 2026: जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच कोतवाली पुलिस ने जंगल में संचालित एक जुआ अड्डे पर छापेमार कार्रवाई कर बड़ा खुलासा किया है। दहेजवार जंगल में रात के अंधेरे में चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस की अचानक दबिश से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को देखते ही कई जुआरी जान बचाकर जंगल की ओर भाग निकले, जबकि दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में अवैध जुआ, सट्टा और शराब कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 5 जून की शाम कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दहेजवार गोठान के पास जंगल में कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस ने जुआ अड्डे पर दबिश दी, वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर कई आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे।
हालांकि पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दीपक गुप्ता पिता श्रवण साव निवासी ग्राम दहेजवार और रामप्रसाद पिता केशव निवासी वार्ड क्रमांक 7 बलरामपुर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। तलाशी और जांच के दौरान जुआ फड़ से नगद राशि बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और घटनास्थल से कुल 3 हजार रुपये नकद तथा जुआ खेलने में उपयोग की जा रही तीन मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। जब्ती के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस मामले में थाना बलरामपुर में अपराध क्रमांक 89/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जंगल में चल रहे इस जुआ अड्डे पर हुई कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है।
