दुर्ग। भिलाई में पिछले 24 घंटों के भीतर हुई दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। एक युवक का शव देर रात सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला, जबकि दूसरे मामले में एक सप्ताह पहले हुए खूनी हमले में गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। लगातार हुई इन घटनाओं के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
सड़क किनारे मिला युवक का शव, मौत बनी रहस्य
पहली घटना जामुल थाना क्षेत्र की है। यहां राजधानी बार के पास बुधवार देर रात एक युवक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। मृतक की पहचान 38 वर्षीय सोनू कुर्रे के रूप में हुई है, जो गौतम नगर सुपेला का निवासी था और मूल रूप से कोहका क्षेत्र का रहने वाला था।
सूचना मिलने पर जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मृतक की पीठ पर खरोंच के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि नशे की हालत में गिरने से उसे गंभीर चोट लगी हो सकती है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार सोनू को शराब की लत थी और इसी कारण उसका परिवार उससे अलग रह रहा था। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
एक हफ्ते तक मौत से लड़ता रहा युवक, आखिर हार गया जिंदगी की जंग
दूसरी घटना नेवई थाना क्षेत्र की है, जहां एक सप्ताह पहले हुए जानलेवा हमले का मामला अब हत्या में बदल गया है। गंभीर रूप से घायल मुकेश टोडर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार 27 मई की सुबह मुकेश अपने घर के सामने मोटरसाइकिल पर बैठा था। इसी दौरान उसका पड़ोसी मनीष कुमार कोसरे लोहे का सब्बल लेकर वहां पहुंचा और कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देते हुए उस पर हमला कर दिया।
आरोप है कि मनीष ने मुकेश के सिर पर लगातार 10 से 12 वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला।
ICU में चला इलाज, फिर भी नहीं बच सकी जान
घायल मुकेश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे भिलाई के स्पर्श हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। करीब एक सप्ताह तक इलाज चलने के बाद 3 जून को उसने दम तोड़ दिया।
मुकेश की मौत के बाद यह मामला और गंभीर हो गया है। अब पुलिस आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराएं जोड़ने की तैयारी कर रही है।
आरोपी पहले ही गिरफ्तार, हथियार भी बरामद
घटना के बाद नेवई पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने लगातार दबिश देकर आरोपी मनीष कुमार कोसरे (29) को गिरफ्तार कर लिया था।
पूछताछ में आरोपी ने हमले की बात स्वीकार की। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल भी बरामद कर लिया है। आरोपी फिलहाल न्यायिक अभिरक्षा में जेल में है।
अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराएं जोड़ी जाएंगी। वहीं जामुल में मिले शव की मौत के कारणों का भी खुलासा रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
एक ही दिन में सामने आई इन दो घटनाओं ने भिलाई में कानून-व्यवस्था और अपराध को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है।
