मुंगेली के जंगल में चल रहा था रेत का काला खेल! गुप्त सूचना मिलते ही वन विभाग का छापा, 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

 

मुंगेली। जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संरक्षित वन क्षेत्र में संचालित कथित अवैध खनन गतिविधियों का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमार कार्रवाई में पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए हैं, जिससे अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देश पर जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत वन विभाग को खुड़िया वन परिक्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की सूचना मिली थी, जिसके बाद विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

वन अमले ने मुंगेली वनमंडल के अंतर्गत भूतकछार परिसर के बीट क्रमांक 487 आरएफ क्षेत्र में दबिश दी। मौके पर निरीक्षण के दौरान संरक्षित वन भूमि से अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन करते हुए पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े गए। टीम ने तत्काल सभी वाहनों को जब्त कर लिया और संबंधित लोगों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज किया।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जब्त वाहनों के मालिकों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच भी की जा रही है।

अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि संरक्षित वन क्षेत्रों में प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन, खनन या परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियां पकड़े जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग की इस कार्रवाई को जिले में अवैध खनन पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे और अवैध खनन से जुड़े नेटवर्क पर लगातार नजर रखी जाएगी।