अंबिकापुर। विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार से जुड़े विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। सीतापुर थाना क्षेत्र में दर्ज इस प्रकरण में बुधवार को बड़ी कार्रवाई देखने को मिली, जब विधायक के दो समर्थकों ने थाने में पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पंकज गुप्ता और नाजिम रजा ने सीतापुर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने दोनों को औपचारिक प्रक्रिया के तहत चेकलिस्ट पर लेकर बाद में छोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि विधायक और उनके समर्थकों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर राजस्व अधिकारी और कर्मचारी पहले से ही हड़ताल पर थे, जिससे प्रशासन पर दबाव बढ़ गया था।
सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे मामले को सुलझाने के लिए कलेक्टर, एसपी और विधायक रामकुमार टोप्पो के बीच लंबी बातचीत हुई। बातचीत के बाद ही दोनों समर्थकों ने थाने में सरेंडर किया।
वहीं यह भी जानकारी सामने आई है कि नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी, एसडीएम फगेश सिन्हा और सीतापुर से जुड़े स्थानांतरण को लेकर भी सहमति बनी है, जिसके बाद स्थिति में आंशिक रूप से तनाव कम होने की बात कही जा रही है।
हालांकि, विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर दर्ज अपराध को लेकर मामला अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। पुलिस जांच जारी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर सभी की नजर बनी हुई है।
इस पूरे घटनाक्रम ने अंबिकापुर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है, और आने वाले दिनों में इस विवाद में नए अपडेट सामने आने की संभावना है।
