PSC घोटाले की जांच में नया नाम! कृषि अधिकारी के घर ED की दबिश, सुबह-सुबह मची हलचल

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित PSC भर्ती अनियमितता मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। बुधवार सुबह राजनांदगांव में हुई ताजा कार्रवाई ने एक बार फिर पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया है। इस बार जांच एजेंसी की नजर एक कृषि अधिकारी पर पड़ी है, जिसके बाद उनके निवास पर छापेमारी की कार्रवाई शुरू की गई।

जानकारी के अनुसार, ED की टीम सुबह शहर के शिक्षक नगर स्थित गणवीर आवास पहुंची और जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि भास्कर गणवीर कृषि विभाग में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। अधिकारियों द्वारा आवास में मौजूद दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई वर्ष 2020 से 2022 के बीच हुई PSC भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और चयन प्रक्रिया को प्रभावित कर कुछ अभ्यर्थियों को लाभ पहुंचाने के आरोपों की जांच के तहत की जा रही है। जांच एजेंसी मामले से जुड़े वित्तीय और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

छापेमारी के दौरान आवास के भीतर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बाहरी लोगों की आवाजाही पर भी नजर रखी जा रही है। हालांकि ED की ओर से कार्रवाई को लेकर आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी अभी साझा नहीं की गई है।

उल्लेखनीय है कि PSC भर्ती अनियमितता मामला प्रदेश के सबसे चर्चित मामलों में शामिल है। इस प्रकरण में ED पहले भी कई आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं मामले के मुख्य आरोपित टामन सिंह सोनवानी फिलहाल न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद हैं।

राजनांदगांव में हुई इस नई कार्रवाई के बाद एक बार फिर यह चर्चा तेज हो गई है कि जांच एजेंसियां भर्ती प्रक्रिया से जुड़े सभी संभावित पहलुओं और संदिग्ध कड़ियों को खंगालने में जुटी हुई हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।