धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जंगल में सराई बिनने गई सास और दामाद पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि दामाद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, दुगली थाना क्षेत्र के पालगांव निवासी रामवती नेताम अपने दामाद के साथ सोमवार सुबह जंगल में सराई बिनने गई थीं। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का एक बड़ा झुंड उन पर टूट पड़ा। मधुमक्खियों के हमले से दोनों घबरा गए और जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मधुमक्खियों ने दोनों को बुरी तरह डंक मार दिए। हमले में रामवती नेताम गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
वहीं, हमले में घायल दामाद का इलाज किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अब खतरे से बाहर है और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। इस दर्दनाक हादसे से पालगांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि जंगल क्षेत्रों में इन दिनों मधुमक्खियों के झुंड अधिक सक्रिय हैं, ऐसे में वन क्षेत्र में जाने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
