बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां एक ठेकाकर्मी को बिना किसी सुरक्षा उपकरण और सेफ्टी किट के चालू 11 केवी लाइन पर काम करने के लिए खंभे पर चढ़ा दिया गया। कुछ ही देर बाद जो हुआ, उसने मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए।
काम के दौरान युवक अचानक हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद वह खंभे पर ही दर्द से तड़पता रहा। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
चालू लाइन पर कराया जा रहा था काम
जानकारी के मुताबिक हादसा बिल्हा थाना क्षेत्र के मोहभट्टा मेला परिसर में हुआ। बताया जा रहा है कि ठेकाकर्मी को विद्युत लाइन पर मरम्मत कार्य के लिए भेजा गया था। आरोप है कि लाइन चालू होने के बावजूद उसे खंभे पर चढ़ाकर काम कराया जा रहा था और उसके पास किसी प्रकार की सुरक्षा किट भी नहीं थी।
काम के दौरान अचानक उसका संपर्क 11 केवी लाइन से हो गया, जिससे उसे जोरदार करंट लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गया।
खंभे पर लटका रहा, नीचे से देखते रहे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करंट लगते ही युवक खंभे पर ही फंस गया। वह दर्द से कराहता रहा और नीचे मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर तक कोई भी उसके पास पहुंचने की हिम्मत नहीं कर सका।
बाद में स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने सीढ़ी की मदद से खंभे पर चढ़कर उसे नीचे उतारा। गंभीर रूप से झुलसे युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
सिम्स में भर्ती, 20 प्रतिशत तक झुलसा
हादसे में युवक करीब 20 प्रतिशत तक झुलस गया है। उसे उपचार के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
वीडियो ने खड़े किए बड़े सवाल
घटना का वीडियो सामने आने के बाद विद्युत विभाग और ठेका व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वीडियो में घायल युवक खंभे पर लटका दिखाई दे रहा है और दर्द से तड़प रहा है। इस दृश्य ने सुरक्षा मानकों की पोल खोल दी है।
अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर बिना सुरक्षा उपकरणों के एक कर्मचारी को 11 केवी जैसी हाई वोल्टेज लाइन पर काम करने की अनुमति किसने दी? यदि सुरक्षा नियमों का पालन किया गया होता, तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था।
फिलहाल घटना को लेकर विभागीय स्तर पर जांच की मांग तेज हो गई है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की चर्चा भी शुरू हो गई है।
