रायपुर/नई दिल्ली। देशभर के युवाओं के लिए शनिवार का दिन बड़ी खुशखबरी लेकर आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोजगार मेला के तहत 51 हजार से अधिक चयनित अभ्यर्थियों को जॉब लेटर वितरित किए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित इस मेगा कार्यक्रम में देश के अलग-अलग हिस्सों से चुने गए युवाओं को केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में नियुक्ति दी गई।
सरकारी नौकरी पाने वाले युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थी अब रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग समेत कई महत्वपूर्ण विभागों में अपनी सेवाएं देंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेला सरकारी भर्तियों को “मिशन मोड” में आगे बढ़ाने के लिए शुरू किया गया था और अब यह एक बड़े अभियान का रूप ले चुका है।
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़े पैमाने पर निवेश हुआ है, जिससे निर्माण और उससे जुड़े क्षेत्रों में रोजगार के अवसर तेजी से बढ़े हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत का स्टार्टअप इकोसिस्टम तेजी से मजबूत हुआ है और करीब दो लाख रजिस्टर्ड स्टार्टअप आज 21 लाख से ज्यादा युवाओं को रोजगार दे रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने “डिजिटल इंडिया” अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि भारत अब एनिमेशन, डिजिटल मीडिया और टेक्नोलॉजी आधारित कई सेक्टरों में ग्लोबल हब के रूप में उभर रहा है। इससे आने वाले समय में युवाओं के लिए रोजगार के और ज्यादा अवसर पैदा होंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले जनवरी में 18वां रोजगार मेला आयोजित किया गया था। सरकार का दावा है कि इस पहल के जरिए लाखों युवाओं को अब तक विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी मिल चुकी है। वहीं अब नए रोजगार मेले के बाद लाखों अभ्यर्थियों की नजर आगामी भर्ती अभियानों पर टिक गई है।
