दोस्तों संग घूमने निकला 25 वर्षीय युवक हादसे का शिकार, NTPC लारा कर्मचारी की मौत से गांव में मातम, हर साल दोहराई जा रही लापरवाही पर उठे सवाल

छत्तीसगढ़। मदर्स डे के दिन एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब पचधारी डेम में नहाने गए 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा रविवार को हुआ, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मृतक अजय सिदार, रियापाली गांव का रहने वाला था और NTPC लारा में कार्यरत था। छुट्टी के दिन वह अपने चार दोस्तों के साथ पचधारी डेम घूमने गया था। बताया जा रहा है कि नहाते समय अजय गहरे पानी में चला गया और अचानक डूबने लगा।

दोस्तों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह कुछ ही पलों में पानी में लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद युवक के शव को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।

घटना के बाद डेम के आसपास भारी भीड़ जमा हो गई। लेकिन सबसे दर्दनाक दृश्य उस समय सामने आया जब मां को बेटे की मौत की खबर मिली। मदर्स डे जैसे भावनात्मक दिन पर बेटे को खोने के सदमे में मां बेसुध हो गई और रोते-बिलखते उसे बार-बार उठाने की कोशिश करती रही। यह दृश्य देखकर मौजूद लोग भी भावुक हो गए।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक के दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पचधारी डेम में हर साल इस तरह की डूबने की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी करते हैं। प्रशासन की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों के बावजूद लापरवाही जारी रहने से एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।