भिलाई के बड़े इलेक्ट्रॉनिक शो-रूम में अचानक भड़की आग… चौथी मंजिल से उठता धुआं देख मचा हड़कंप

दुर्ग,07 मई 2026:दुर्ग जिले के भिलाई स्थित आकाश गंगा सुपेला मार्केट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक बड़े इलेक्ट्रॉनिक शो-रूम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते चौथी मंजिल से धुएं का गुबार उठने लगा और इलाके में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचा। आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि दमकल की दो गाड़ियों को लगातार करीब एक घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका।

 

बताया जा रहा है कि शो-रूम के स्टोर रूम में बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा हुआ था, जिसकी वजह से आग तेजी से फैलने लगी। हालांकि दमकल कर्मियों ने समय रहते आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया।

इस आगजनी में शो-रूम के कई महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खाक हो गए हैं। नुकसान का आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है, लेकिन भारी आर्थिक क्षति की आशंका जताई जा रही है।

मामले को लेकर Satyaprakash Tiwari ने बताया कि आग शो-रूम की चौथी मंजिल पर लगी थी, जिसे नगर निगम और BSP की फायर टीम ने मिलकर नियंत्रित किया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है।

वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि शो-रूम में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। आग बुझाने वाले जरूरी उपकरणों की कमी भी साफ दिखाई दी।

फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर शहर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।