सूरजपुर। जिले के देवनगर इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है।
मृतका की पहचान चिंतामनी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के देवनगर की है, जहां बीती रात पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद यह भयावह घटना हुई। आरोपी पति संतलाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले पति-पत्नी ने शराब का सेवन किया था। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में दोनों के बीच विवाद हुआ, जो धीरे-धीरे हिंसा में बदल गया और आरोपी ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना के बाद कुछ चौंकाने वाली बातें भी सामने आईं, हालांकि पुलिस ने प्रथम दृष्टया उन आशंकाओं से इनकार किया है और कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
एसडीओपी अभिषेक पैकरा के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।
इस घटना के बाद मृतका के परिजनों में गहरा शोक है और पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और सच्चाई सामने लाने के लिए जांच जारी है।